रुद्रपुर। काठगोदाम से दिल्ली को जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रेलगाड़ी से रुद्रपुर के दो कर्मचारियों से चलती ट्रेन में लूट मामले में व्यापारी मनजीत के पूर्व कर्मचारी ने ही लूट की पटकथा लिखी थी। जीआरपी ने मुठभेड़ के बाद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में वियतारक का उपचार चल रहा है।
बीते 15 अप्रैल 2026 को ट्रेन संख्या 15036 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के कोच डी-1 में सफर कर रहे रुद्रपुर के जपनीत ऑटो के मालिक और टू व्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह गगनेजा के दो कर्मचारी दिनेशपुर निवासी रीतिक मंडल और रुद्रपुर निवासी साहिब सिंह से हथियारों के बल पर दो लाख 50 हजार रुपये लूट लिए गए थे।
मामले में थाना जीआरपी रामपुर में प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश के लिए रुद्रपुर से लेकर मुरादाबाद तक 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद जांच में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई।
रविवार सुबह सूचना पर जीआरपी रामपुर, बिलासपुर पुलिस
और आरपीएफ रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त मिश्रा सिंह निवासी नानकमत्ता के बाएं पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया जबकि उसके तीन अन्य
साथियों गौरव निवासी रामपुरा, रुद्रपुर, गुरदेव उर्फ डेविड निवासी नानकमत्ता, रामपुरा, रुद्रपुर को मौके से दबोच लिया गया। भारत निवासी रम्पुरा रुद्रपुर को मौके से दबोच लिया,
उनके कब्जे से 1,38,000 रुपये, 315 बोर के दो तमंचे, एक कारतूस और दो खोखा बरामद हुए हैं। वहीं फरार अन्य पांच अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
व्यापारी मनजीत सिंह गगनेजा ने बताया कि मामले में मास्टरमाइंड गौरव ने दो महीने पहले ही नौकरी छोड़ी थी। उसने उनसे 20 हजार रुपये उधार मांगे थे लेकिन उनके मना करने पर वह नौकरी छोड़कर चला गया। मनजीत ने बताया कि अभियुक्त की गतिविधियां संदिग्ध थीं और उसका उठना बैठना अच्छे लोगों के साथ नहीं था। इसलिए वह खुद कई दिनों से उसे निकालना चाहते थे।
मामले में जिले के युवकों गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि चारों अभियुक्तों का आपराधिक खंगालने के उनके क्षेत्र की कोतवाली पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





