उत्तराखण्ड

स्कूल संचालक की स्कॉर्पियो ने रौंद डाला गोरापड़ाव और बेरीपड़ाव के चार युवकों को… चारों की दर्दनाक मौत…

हल्द्वानी। तीनपानी-लालकुआं बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात बेकाबू स्कार्पियो ने चार युवकों को कुचल दिया। हादसे में तीन की मौके पर ही जबकि एक की आईसीयू में मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने स्कार्पियो सवार कॉन्वेंट स्कूल संचालक एवं उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को शनिवार रात करीब दस बजे फ्लाईओवर पर हादसे की सूचना मिली। मौके पर 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव पड़े मिले। उनके पास ही एक स्कूटी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि लालकुआं की ओर से आई बेकाबू स्कार्पियो कार ने चारों को कुचल दिया।
पुलिस ने चारों को अचेत हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। वहां राहुल, शिवम और अंशु को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आदित्य को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती कराया गया। जहां रात करीब एक बजे उसकी भी मौत हो गई। आदित्य कालाढूंगी थाने में तैनात एसआई महेन्द्र प्रसाद के चचेरे भाई का बेटा है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्कार्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जडे हैं।
पुलिस जांच में आया है कि जिस गाड़ी से हादसा हुआ, उसकी पिछली सीट पर नैनीताल में ज्योलीकोट स्थित नैंसी कान्वेंट के निदेशक बैठे थे और गाड़ी उनका चालक चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

To Top