उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में फर्जी सैन्य अफसर गिरफ्तार होने से मची सनसनी… पुलिस जांच में जुटी…

हल्द्वानी। बाजार में आसानी से उपलब्ध हो रही भारतीय सेना की वर्दी का दुरुपयोग का मामला सामने आया है। नैनीताल रोड स्थित वॉक-वे मॉल के पास से गुजर रहे भारतीय सेना के अधिकारी की सतर्कता से सेना की वर्दी का दुरुपयोग कर रहे एक जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। खुद को मेजर बताने वाला यह युवक सेना के अनुशासन और ड्रेस कोड में लापरवाही से हत्थे चढ़ा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वार्ड नंबर 6, गीतांजलि गली (शीशमहल) निवासी मेजर अजय पाठक रविवार को खरीदारी कर वॉक-वे मॉल से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी नजर सेना की वर्दी पहने एक युवक पर पड़ी जिसने मेजर रैंक के बैज लगा रखे थे।
हालांकि, युवक का हुलिया सेना के मानकों जैसा नहीं था। युवक ने शर्ट को पैंट के अंदर करने के बजाय बाहर छोड़ रखा था। कमर पर बेल्ट भी नहीं बांधी थी। इस पहनावे से मेजर अजय को शक हुआ।
मेजर अजय ने संदिग्ध युवक का पीछा करना शुरू किया तो वह घबराकर पास की एक दुकान में छिप गया।
मेजर ने उसे मौके पर ही पकड़कर पूछताछ शुरू की तो वह खुद को तिकोनिया कैंट क्षेत्र का मेजर बताकर उन्हें उलझाने लगा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सीएसडी का कैंटीन कार्ड भी बरामद हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता काररोड में साइकिल सवार को अनियंत्रित डंपर ने मारी टक्कर… दर्दनाक मौत…

वह सैन्य पोस्टिंग और अन्य सवालों के सही जवाब नहीं दे पाया तो मेजर अजय ने तत्काल डायल 112 को बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। काठगोदाम पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की पहचान अमन उर्फ अमन रोमसन (24) निवासी खटीमा (ऊधमसिंह नगर) के रूप में हुई।
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी फर्जी वर्दी पहनकर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं था और उसके पास सेना का कैंटीन कार्ड कहां से आया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अमन निर्मला कान्वेंट स्कूल के पास सुचेतना समाज सेवा केंद्र में तैनात है। आरोपी ने बताया कि उसे सेना से लगाव है। वह सेना में जाना चाहता था लेकिन भर्ती में असफल हो गया था। इसी वजह से वह सेना की वर्दी पहनकर घूमता था। थाने में आर्मी इंटेलीजेंस और कॉप्स ऑफ मिलिट्री यूनिट ने भी उससे पूछताछ की है। आरोपी के पते के आधार पर उसके बारे में और जानकारी एकत्रित की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि
आरोपी अमन के खिलाफ बीएनएस की धारा 168 सैन्य वर्दी या प्रतीकों के अनधिकृत उपयोग के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट की जानकारी आर्मी को भी दी गई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

To Top