लालकुआं। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने गुपचुप प्रचार तेजी के साथ शुरू कर दिया है, इसके साथ ही अपने ही नेताओं की टांग खींचने का अभियान भी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच तेजी से चल पड़ा है, फिलहाल पिछले एक सप्ताह से इस राजनीतिक लड़ाई की शुरुआत श्रीलंका टापू से हो गई है। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव श्रीलंका टापू में पिछले सप्ताह जब क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट अधिकारियों के साथ पहुंचे और वहां बैठक की तो इस दौरान ग्रामीणों के साथ विधायक की हुई बातचीत को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह की टिप्पणी करनी शुरू कर दी, और देखते ही देखते चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। इसके बाद अगले दिन ही श्रीलंका टापू कांग्रेस के नेता राजेंद्र सिंह खनवाल पहुंच गए, उन्होंने श्रीलंका टापू के बुजुर्ग लोगों को सम्मानित किया, तथा उनकी समस्याएं भी सुनी। इसके तुरंत बाद पूर्व विधायक नवीन दुम्का आज सुबह श्रीलंका टापू पहुंच गए। उन्होंने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए पूरे गांव का निरीक्षण किया। यहां तक कि वह श्रीलंका टापू की दुग्ध समिति में भी पहुंचे और उत्पादकों के साथ बैठक की, साथ ही वह कई घरों में चाय पीकर लौटे हैं। पूर्व विधायक के श्रीलंका टापू भ्रमण के बाद लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के बीच तू डाल डाल मैं पात पात का दौर पुनः तेज हो गया है। लगता है जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव के दिन नजदीक आएंगे आने वाले समय में चर्चाओं का बाजार गर्म होता जाएगा। फिलहाल लग रहा है कि श्रीलंका टापू वर्तमान में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र का चुनावी मुद्दा बना हुआ है।





