..
हल्द्वानी।
हल्द्वानी के मंगल पड़ाव स्थित नवीन सब्जी मंडी में आज शाम एक महिला ने बीच बाजार अपने पति की फ्राईपैन से जमकर धुनाई कर दी। बाजार में सरेआम हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। किसी तरह पति ने भागकर जान बचाई। बाद में पत्नी सब्जी लेकर घर की ओर गई।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मंगलपड़ाव निवासी एक दंपत्ति आज शाम नवीन मंडी में सब्जी खरीदने आए थे। सब्जी की खरीदारी के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में तमतमाई पत्नी ने पास की ही एक दुकान के काउंटर पर रखा फ्राईपैन उठा लिया और पति पर बरस पड़ी। पत्नी ने बीच मंडी में ही पति को फ्राईपैन से दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह पति वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि महिला का पति शहर में मजदूरी करता है। उसके तीन बच्चे हैं। इस वाकये के बाद सब्जी मंडी में लोगों और दुकानदारों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
कुछ दुकानदारों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन महिला का गुस्सा देखकर कोई आगे आने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रभारी चौकी मंगलपड़ाव दीपक कार्की ने बताया कि पुलिस तक कोई ऐसा मामला नहीं आया। हालांकि, घटना संज्ञान में आई है।





