उत्तराखण्ड

अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच के इकलौते बेटे के निधन पर नहीं रुक रहे माता-पिता के आंसू…

लालकुआं। गोरापड़ाव राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गवाने वाले लालकुआं के वार्ड नंबर चार निवासी मेधावी छात्र सिद्धार्थ का पोस्टमार्टम के बाद आज दोपहर बाद स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया, इकलौते बेटे के चले जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। वहीं दूसरी और सिद्धार्थ के दोस्त अयान को हल्द्वानी के निजी चिकित्सालय से भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति अस्पताल को रेफर किया गया है।
बीती आधी रात के बाद मृतक सिद्धार्थ के पिता अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच उदयवीर सिंह को बेटे के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिली तो वह उत्तर प्रदेश के बदायूं से पत्नी के साथ दौड़े दौड़े हल्द्वानी सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचे, अस्पताल पहुंचने तक उन्हें उनके इकलौते पुत्र की मौत की खबर नहीं दी गई थी, अस्पताल पहुंचते ही जैसे ही उन्हें असलियत का पता चला तो दोनों पति-पत्नी के ऊपर मानों वज्रपात हो गया हो, दोनों हल्द्वानी मोर्चरी के बाहर पूरी रात बिलखते रहे।
16 वर्षीय सिद्धार्थ मोटाहल्दू स्थित सेंफोर्ड स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था। उसके हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी 65% अंक आए थे। उसकी बड़ी बहन वंशिका सिंह ने हाल ही में नीट की परीक्षा दी है। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही घर पर रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया।
हादसे में 20 वर्षीय अयान पुत्र शमशेर गंभीर रूप से घायल हुआ है। अयान और सिद्धार्थ न सिर्फ पड़ोसी थे, बल्कि दोनों बेहद करीबी दोस्त भी थे। दोनों के घर लालकुआं के वार्ड नंबर चार में आमने-सामने हैं। गुरुवार को दोनों एक साथ मोमो खाने के लिए हल्द्वानी मंगल पड़ाव को घर से निकले थे, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह सफर सिद्धार्थ की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
घटना के समय सिद्धार्थ की मां नीतू संतोषी सिंह, जो उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षिका हैं, बदायूं में परीक्षा देने गई हुई थीं। उनके साथ पिता उदयवीर सिंह भी मौजूद थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
उदयवीर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर के कराटे खिलाड़ी और कोच रहे हैं। उनके इकलौते बेटे की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मोहल्ले के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं। वहीं, घायल अयान का अत्यंत नाजुक हालत में उपचार अस्पताल में जारी है। दोपहर बाद सिद्धार्थ के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं नगर वासियों ने शिरकत की।
फाइल फोटो- मृतक सिद्धार्थ

To Top