
लालकुआं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल, बरेली में मंगलवार को आयोजित मंडलीय रेलवे समिति की महत्वपूर्ण बैठक में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से संबंधित रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन विकास के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने की।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट पूर्व निर्धारित शासकीय कार्यक्रमों के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। उनके अधिकृत प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने बैठक में सहभागिता कर क्षेत्र की विभिन्न लंबित रेल परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से रखा।
लक्ष्मण सिंह खाती ने बैठक में काशीपुर-धामपुर नई रेल लाइन परियोजना, लालकुआं- सितारगंज के बीच प्रस्तावित रेल परियोजना हेतु चल रहे सर्वेक्षण, किच्छा-खटीमा रेलखंड तथा हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज एवं खटीमा रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इन परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति हेतु अग्रसारित किए जाने की मांग रखते हुए कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुगम यातायात सुविधाएं प्राप्त होंगी।
बैठक के दौरान उन्होंने काठगोदाम से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस तथा काठगोदाम से कामाख्या तक नई रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही लालकुआं रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित एस्केलेटर के लंबे समय से लंबित संचालन का विषय भी जोरदार ढंग से रखा। उन्होंने रेलवे प्रशासन से एस्केलेटर को शीघ्र चालू करने हेतु कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया, जिससे यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट की ओर से लक्ष्मण सिंह खाती ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर को क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के समापन अवसर पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अन्य लोकसभा क्षेत्र के सांसद गण और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा मंडलीय रेलवे समिति के सदस्य उपस्थित रहे।





