
देहरादून। वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर पिछले करीब सात माह से आंदोलन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के प्रदर्शनकारियों का विरोध बुधवार को उग्र हो गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल के आवास का घेराव करने पहुंचे बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों पर समाधान नहीं निकलने से नाराजगी बढ़ गई। इस दौरान महिला प्रदर्शनकारी ने कथित तौर पर फिनायल पी लिया, जबकि कुछ अन्य अभ्यर्थियों ने आत्मदाह का प्रयास किया।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के घर के बाहर धरना दे रहे चार नर्सिंग प्रदर्शनकारियो ने कथित रूप से फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस सभी को अस्पताल लेकर गई। इसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नर्सिंग बेरोजगार सुबह आठ बजे स्वास्थ्यमंत्री का घेराव करने पहुंचे थे। मंत्री आवास के बाहर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारी मंत्री आवास के बाहर बैठकर नारेबाजी करते रहे। पांच घंटे तक विरोध प्रदर्शन करने के बाद स्वास्थ्यमंत्री ने नर्सिंग बेरोजगारों के तीन सदस्यी प्रतिनिधिमंडल को मिलने के लिए बुलाया लेकिन सहमति नही बन पाई।
आरोप है कि इससे परेशान होकर चार प्रदर्शनकारियो ने फिनायल पी लिया। एक महिला प्रदर्शनकारी ने अधिक मात्रा में फिनायल पिया जबकि तीन अन्य थोड़ी मात्रा में ही पी पाईं। लोगों ने उनसे बोतलें छीन लीं। घटना के बाद धरने में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस आनन-फानन मे चारों को अस्पताल लेकर गई। इनमें से एक की हालत गंभीर है। इसके अलावा मंत्री आवास के बाहर पहुंचे करीब 100 प्रदर्शकारियों को पुलिस हिरासत में लेकर एकता विहार धरना स्थल ले गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियो के बीच काफी देर तक झड़प होती रही। गौरतलब हैं कि नर्सिंग बेरोजगार नर्सिंग एकता मंच के नेतृत्व में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर करीब सात महीने से धरना दे रहे हैं।
मंगलवार रात को प्रदर्शनकारी पुलिस और इंटेलीजेंस को चकमा देते हुए चुपचाप मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर धरना स्थल छोड़ आई थी। अगले ही दिन आंदोलनकारी फिर से उग्र हो गए। उन्होंने सुबह होते ही मंत्री आवास घेर लिया।





