खटीमा। कंजाबाग स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में रामलीला मंचन के दौरान खर-दूषण और श्रीराम के बीच युद्ध के दृश्य में अचानक हादसा हो गया। खर का अभिनय कर रहे कलाकार अमित जोशी के गले में तलवार लगने से वह घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके गले में दो-तीन टांके लगाए गए। हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, कंजाबाग में आयोजित रामलीला में रात को श्रीराम और खर-दूषण के युद्ध का प्रसंग मंचित किया जा रहा था। इसी दौरान खर का किरदार निभा रहे स्थानीय निवासी अमित जोशी का पैर अचानक अपने ही वस्त्रों में उलझ गया, जिससे वह मंच पर गिर पड़े। इस दौरान उनके हाथ में मौजूद तलवार उनके गले में लग गई और वह घायल हो गए। घटना के बाद रामलीला मंचन कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। घायल कलाकार को तत्काल उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उनके गले में टांके लगाए। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भी दिखाया गया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने बताया कि मंचन के दौरान कलाकार को चोट लगी थी। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अब उनकी हालत में सुधार है और चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है।



