उत्तराखण्ड

किच्छा में युवक के अपहरण मामले में लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के युवकों की तलाश में पुलिस ने शुरू की छापेमारी,

किच्छा। शहर में दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई। लेनदेन के विवाद में बोलेरो सवार छह युवकों ने एचडीएफसी बैंक के सामने एक युवक की कार को घेरकर उसे जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर जबरन बोलेरो में डालकर अगवा कर ले गए। हमलावरों में से एक युवक पीड़ित की स्विफ्ट कार भी लेकर फरार हो गया। व्यस्त सड़क पर सरेआम हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, बाजपुर के इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का लालकुआं निवासी कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को हरजिंदर सिंह अपने साथी संदीप के साथ स्विफ्ट कार से किच्छा पहुंचे थे। इसी दौरान एचडीएफसी बैंक के पास बोलेरो सवार छह युवकों ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद बोलेरो से उतरे युवकों ने स्विफ्ट कार के दरवाजे खोलकर उसमें बैठे लोगों को जबरन बाहर खींचना शुरू कर दिया।
इस दौरान हरजिंदर ने आरोपियों के चंगुल से बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़कर सड़क पर गिरा दिया और कई युवकों ने मिलकर उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। अचानक हुए हमले से घबराकर उसका साथी संदीप मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरोपी हरजिंदर को जबरन बोलेरो में डालकर अपने साथ ले गए। वहीं, एक आरोपी उसकी स्विफ्ट कार लेकर अलग दिशा में निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश में दबिश और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपी स्विफ्ट कार को आनंदपुर मोड़ के पास छोड़कर फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने अगवा किए गए हरजिंदर सिंह को नगला के पास से सकुशल बरामद कर लिया तथा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे लेनदेन का विवाद सामने आया है। वारदात में लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के युवकों की संलिप्तता बताई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

To Top