लालकुआं। नगर में निवास करने वाले 22 वर्षीय युवक अजय सिंह का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, युवक के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। अजय अपने परिवार का इकलौता बेटा और इकलौता चिराग था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट कॉलोनी निवासी पन्ना देवी पत्नी स्वर्गीय प्रेम सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अजय सिंह की आज तड़के अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि अजय पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। देर रात हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां जांच एवं उपचार की प्रक्रिया के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
महज 22 वर्ष की उम्र में अजय की अचानक मौत की खबर से परिजन स्तब्ध रह गए। अजय की दो बड़ी बहनें हैं, जबकि उसके पिता का भी कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। ऐसे में परिवार की उम्मीदों का एकमात्र सहारा और इकलौता बेटा भी दुनिया से विदा हो गया। जवान बेटे को खोने के गम में मां पन्ना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फाइल फोटो : अजय सिंह



