देहरादून। राजधानी देहरादून के पॉश रायपुर क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। हत्या का आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतका के पति की दुकान पर करीब 15 साल से काम करने वाला हेल्पर निकला। बकाया वेतन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला के चेहरे पर कड़े से वार किया और बाद में मुंह-नाक दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी महिला के हाथों से सोने के कंगन उतारकर फरार हो गया।
मृतका की पहचान रेखा बंसल (72) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उत्तरकाशी के पुरोला निवासी विनीत कुमार (33) को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक, आरोपी को घटना की सूचना मिलने के कुछ ही घंटे बाद जोगीवाला क्षेत्र में रिंग रोड से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, डिस्पेंसरी रोड स्थित अनुज प्रकाशन के मालिक दिनेश बंसल ने गुरुवार शाम सूचना दी थी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल रायपुर स्थित घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई, लेकिन चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पति की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को विनीत पर शक हुआ। पूछताछ में सामने आया कि वह करीब 10 वर्षों से देहरादून में परिवार के साथ रह रहा था और दिन के समय दिनेश बंसल की दुकान पर हेल्पर का काम करता था। इसके अलावा वह रात में एक गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में भी काम कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिनेश बंसल पर उसकी कुछ बकाया सैलरी थी। कई बार मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने से वह नाराज था। घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल के स्कूटर पर उनके घर पहुंचा और पीछे के दरवाजे से अंदर दाखिल हुआ। घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रेखा से बकाया रकम के बारे में बात की, लेकिन पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में विनीत ने रेखा के चेहरे पर अपने हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। चोट लगने के बाद महिला चीखने लगी तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने महिला की कलाई से सोने के कंगन उतारे और मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह गेस्ट हाउस पहुंचा, कपड़े बदले और कंगन बेच दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कड़ा और सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं।




