भीमताल। बाल कटवाने के लिए घर से निकले तीन नाबालिग दोस्त अचानक लापता हो गए। परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई भीमताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को ऊधमसिंह नगर के काशीपुर से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को गोरखपुर निवासी दिनेश सिंह थापा ने कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अपने दो दोस्तों के साथ बिना बताए घर से कहीं चला गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक जगदीश चन्द्र के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भवाली विनय सिंह कुँवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिरों की मदद से तलाश तेज की। आखिरकार 17 नवंबर को तीनों बच्चों को काशीपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह राणा, राहुल सिंह राणा और मनोज पंत शामिल रहे।



