उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में दो संदिग्ध मौतों से हड़कंप, अलग-अलग स्थानों से मिले शव,

हल्द्वानी। शहर में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मंगल पड़ाव टेंपो स्टैंड में होटल कर्मी का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी, वहीं जवाहर नगर में भी एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में घर से लाश बरामद हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगल पड़ाव पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित टेंपो स्टैंड में बुधवार को 55 वर्षीय चंदन सिंह उर्फ राजू की अचानक मौत हो गई। मृतक मूल रूप से गंगोलीहाट का निवासी बताया जा रहा है और मंगल पड़ाव पुलिस चौकी के समीप स्थित एक होटल में काम करता था। टेंपो स्टैंड में उसकी अचानक मौत की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर मंगल पड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू शराब का सेवन करता था और आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले भी उसने शराब पी हो सकती है। हालांकि, शराब के सेवन से ही उसकी मौत हुई है, इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, हल्द्वानी के जवाहर नगर क्षेत्र में भी अमन ठाकुर नामक व्यक्ति का शव उसके घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों मामलों में पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

To Top