लालकुआं। प्रतिभा और मेहनत के दम पर लालकुआं की बेटी आयुषी भट्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय में शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री वेंकटेश्वर कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान बीए प्रोग्राम प्रथम वर्ष की परीक्षा में कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली लालकुआं निवासी आयुषी भट्ट को सम्मानित किया गया।
आयुषी भट्ट लालकुआं निवासी पत्रकार गीता भट्ट एवं बीसी भट्ट की पुत्री हैं। अपनी लगन, मेहनत और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर आयुषी ने श्री वेंकटेश्वर कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में सर्वोच्च स्थान हासिल कर न केवल अपने माता-पिता और परिवार का गौरव बढ़ाया, बल्कि लालकुआं नगर का नाम भी रोशन किया है।
आयुषी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत लालकुआं ने भी उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उपलब्धि का सम्मान करने का निर्णय लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में आयुषी के परिजनों को सम्मानित कर उनकी बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि आयुषी जैसी बेटियां पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में सर्वोच्च स्थान हासिल करना गौरव की बात है। आयुषी की सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत, वार्ड नंबर छह की सभासद दीप्ति पांडे एवं धन सिंह बिष्ट ने भी आयुषी के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने आयुषी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियां पूरे नगर के लिए गर्व का विषय हैं।
आयुषी की इस सफलता से उनके परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि लालकुआं की बेटी ने दिल्ली में टॉप कर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।




