लालकुआं। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, बेरीपड़ाव परिसर में आयोजित ‘ग्राफेस्ट’ महोत्सव की सोमवार शाम संगीत और उत्साह के रंगों से सराबोर हो उठी। ‘गुलाबी क्वीन’ के नाम से मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलस ने अपनी दमदार आवाज, शानदार परफॉर्मेंस और बेबाक अंदाज से हजारों छात्र-छात्राओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा परिसर तालियों और नारों की गूंज से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डीजे जैरी के हाई-वोल्टेज बीट्स के साथ हुई, जिन्होंने अपने जबरदस्त म्यूजिक मिक्स से युवाओं में जबरदस्त ऊर्जा भर दी। छात्र-छात्राएं उनके गानों पर जमकर थिरके और माहौल को इस कदर गर्मा दिया कि जैस्मीन सैंडलस के मंच पर आते ही उत्साह चरम पर पहुंच गया।
जैस्मीन सैंडलस ने ‘सिप-सिप’, ‘शरारत’ और ‘मैं और तू’ जैसे अपने सुपरहिट गानों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके साथ ही उन्होंने लोक गीतों का फ्यूजन पेश कर कार्यक्रम में एक अलग ही रंग भर दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उनकी गायकी के साथ-साथ उनका मस्ती भरा और संवादात्मक अंदाज भी युवाओं के दिलों में उतर गया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहीं। आयोजकों के अनुसार इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अंत तक छात्रों का जोश और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। ‘ग्राफेस्ट’ की यह रंगारंग और यादगार शाम हल्द्वानी के शैक्षणिक व सांस्कृतिक परिदृश्य में एक खास छाप छोड़ गई।
फोटो परिचय- ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में अपनी प्रस्तुति देती प्रख्यात सिंगर जैस्मिन





