लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के इंदिरा नगर-दो निवासी एवं भारतीय सेना की 17 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात नायब सूबेदार भरत सिंह रावत ने एक बार फिर अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए 7077 मीटर ऊंचे माउंट कुन पर दूसरी बार सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर क्षेत्र, उत्तराखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
भारतीय सेना के पर्वतारोहण अभियान के तहत झांस्कर रेंज, जिला झांस्कर (केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख) स्थित माउंट कुन पर अभियान 14 जुलाई 2026 को बेस कैंप से शुरू हुआ। कठिन मौसम, बर्फीली ढलानों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए 17 जुलाई 2026 को सुबह 8:25 बजे अभियान दल ने सफलतापूर्वक शिखर पर पहुंचकर तिरंगा लहराया।
इस अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश कुमार (एसएम), 10 डोगरा ने किया। अभियान दल में 3 जेसीओ, 8 अन्य सैनिकों सहित कुल 28 पर्वतारोही शामिल थे, जिन्होंने 7077 मीटर ऊंचे माउंट कुन को सफलतापूर्वक फतह किया।
नायब सूबेदार भरत सिंह रावत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने पहली बार 18 जुलाई 2023 को माउंट कुन पर तिरंगा फहराया था और अब 17 जुलाई 2026 को दूसरी बार उसी शिखर को सफलतापूर्वक समिट कर अपनी पर्वतारोहण क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है।
इधर पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि भरत रावत की इस दोहरी उपलब्धि से बिंदुखत्ता और लालकुआं क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। उन्होंने इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भरत रावत को शुभकामनाएं दी हैं। इधर पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कैप्टन कुंदन सिंह मेहता ने कहा कि भारत रावत की यह सफलता न केवल भारतीय सेना के साहस और अनुशासन का प्रतीक है, बल्कि उत्तराखंड के वीर जवानों की गौरवशाली परंपरा को भी नई ऊंचाई प्रदान करती है।





