लालकुआं। विद्युत लाइन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ जाने से सिर के बल पोल से नीचे गिरकर जख्मी हुए युवक ने भोजीपुरा बरेली स्थित राम मूर्ति चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। दर्दनाक हादसे से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत शाम को बबूर गुम्टी रेलवे क्रॉसिंग पर विद्युत लाइन में ठेकेदार कर्मियों द्वारा किए जा रहे मरम्मत के कार्य के दौरान लाइनमैन प्रेम सिंह कोरंगा का पोल के ऊपर जाते समय संतुलन बिगड़ जाने से वह सिर के बल नीचे गिर गया, जिसे वहां काम कर रहे विद्युत कर्मी और आसपास के लोगों की मदद से तुरंत ही एसटीएच चिकित्सालय हल्द्वानी ले जाया गया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे राममूर्ति चिकित्सालय भोजीपुरा को रेफर कर दिया जिसे देर रात भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति चिकित्सालय में भर्ती कराया वहां प्रेम सिंह ने दम तोड़ दिया।
जिसका आज भोजीपुरा में ही पोस्टमार्टम हुआ और देर शाम मृतक का शव बिंदुखत्ता लाया गया, प्रेम सिंह के तीन छोटे-छोटे बच्चे जिनमें दो बेटियां एवं एक बेटा शामिल है, सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
इधर विद्युत उपखंड अधिकारी लालकुआं संजय प्रसाद ने बताया कि कार्य में लापरवाही के चलते ठेकेदार ने लाइनमैन प्रेम सिंह को हटा दिया था, कल वह बिना बुलाए मौके पर पहुंचा और जबरन पोल पर चड़ रहा था कि संतुलन बिगड़ जाने से वह गिर गया, उन्होंने प्रेम सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
फाइल फोटो- लाइनमैन प्रेम सिंह





