उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में मकान के भीतर महिला की खून से सनी लाश मिलने से फैली सनसनी………….. पुलिस ने शुरू की इस युवक की तलाश……………

हल्द्वानी। शहर में किराए के मकान में रह रही महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलरूप से रूद्रपुर की रहने वाली महिला आस्था उर्फ अफसाना रामपुर रोड स्थित नीलांचल कालोनी फेस 5 शिवा कालोनी में गंगाराम मौर्य के मकान में पिछले तीन महीने से किराए पर रह रही थी। बताया जा रहा है की महिला का पति महीने में एक दो बार ही यहां पर आता था। बुधवार को महिला का शव संदिग्ध हालत में कमरे में पाया गया। मकान स्वामी ने मामले की सूचना टीपी नगर चौकी को दी। सूचना मिलने के बाद टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं मौके पर शहर कोतवाल उमेश मलिक भी पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि अफसाना का पति 8 अप्रैल को रात में नशे में चूर होकर आया और उसी रात 4 बजे दोनों बच्चियों को अपने साथ लेकर चला गया। इसके बाद आस्था उर्फ अफसाना भी जब दो दिन तक कमरे से बाहर नहीं निकली तब मकान मालिक मौर्य ने आस्था को फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था जब वह बुधवार को आस्था से मिलने उसके कमरे की ओर गया तो कमरे में दुर्गंध आ रही थी। मकान मालिक ने दो मंजिले में जाकर देखा तो अफसाना खून से लथपथ पड़ी हुई थी। सूचना पर टीपीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। महिला के साथ रहने वाले व्यक्ति का नाम गौरव बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

To Top