लालकुआं। ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने एक परिवार के साथ मारपीट कर दी। घटना में परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़िता की तहरीर पर जीआरपी थाना काठगोदाम में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नीलकंठ कॉलोनी लालपुर किच्छा निवासी मीना देवी सुबह ट्रेन से पिता ब्रह्मस्वरूप, बहन सुमन और भाभी अनीता देवी के साथ किच्छा रेलवे स्टेशन से बहेड़ी जा रही थीं। ट्रेन में काफी भीड़भाड़ होने के कारण सभी लोग खड़े होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान जैसे ही परिवार सीट पर बैठने लगा, तभी वहां पहुंचे दो युवकों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मारपीट में मीना देवी के पिता ब्रह्मस्वरूप, बहन सुमन और भाभी अनीता देवी घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए किच्छा ले जाया गया, जहां से ब्रह्मस्वरूप और अनीता देवी की जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया।





