

लालकुआं। गर्मियों की छुट्टी में जम्मू कश्मीर घूमने गए परिवार का बंदे भारत ट्रेन का कंफर्म टिकट रेलवे ने एक महीने बाद वेटिंग कर दिया, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं इस मामले में अब रेल विभाग आईआरसीटीसी में शिकायत करने को कह रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां इंदिरा आवास कॉलोनी हल्दूचौड़ में निवास करने वाले एवं पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में सेवारत दिवाकर पांडे अपने परिवार के साथ जम्मू कश्मीर गर्मियों की छुट्टी में घूमने गए थे। उन्होंने गत 17 फरवरी को लालकुआं टिकट काउंटर से आने-जाने के टिकट कराये, जिसमें 15 अप्रैल को श्रीनगर से कटरा वापसी का बंदे भारत ट्रेन के चार टिकट कराये, जो कि उस समय वेटिंग में थे और 25 फरवरी को वह कंफर्म हो गए, जिसका मैसेज दिवाकर पांडे को आ गया, जम्मू कश्मीर घूमने के बाद जब वह श्रीनगर से वापसी करने वाले थे कि 14 अप्रैल को अचानक उन्हें मैसेज आया कि उनका श्रीनगर से कटरा वाला बंदे भारत ट्रेन का टिकट फिर से वेटिंग में चला गया है। जिससे वह आश्चर्यचकित रह गए। उन्होंने रेलवे स्टेशन में जाकर इसकी जानकारी प्राप्त की, तो मौजूद अधिकारियों ने मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने उक्त टिकट कैंसिल कराने का टिकट काउंटर में प्रयास किया परंतु वह नहीं हो पाया। दिवाकर का कहना है कि टिकट काउंटर में बैठे क्लर्क ने यह कहकर टिकट कैंसिल नहीं किया कि यह टिकट वहीं से कैंसिल होगा जहां से उन्होंने टिकट बनवाया है। इसके बाद आज 16 अप्रैल को जब वह वापस आए और लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचकर उन्होंने उक्त टिकट कैंसिल करने को काउंटर में कहा तो काउंटर में बैठे क्लर्क ने टिकट कैंसिल करने से मना कर दिया और बताया कि इसका समय अब समाप्त हो चुका है। इसके बाद दिवाकर पांडे ने मामले की शिकायत कई शिकायत प्रकोष्ठों में की है। उनका कहना है कि बच्चों के साथ सफर करने के दौरान कंफर्म टिकट वेटिंग में चले जाने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तथा श्रीनगर से कटरा आने में उन्हें भारी दिक्कते उठानी पड़ी।
इधर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि प्रकरण अत्यंत गंभीर है, मामले में आईआरसीटीसी में शिकायत होनी चाहिए, साथ ही उन्हें भी शिकायती पत्र यदि भेजा जाएगा तो वह भी मामले में जांच करवाएंगे।
फोटो परिचय- रेलवे द्वारा भेजे गए कंफर्म एवं वेटिंग टिकट के मैसेज





