उत्तराखण्ड

चोरों ने दिनदहाड़े मर्चेंट नेवी के जवान के बिंदुखत्ता स्थित घर से 16 लाख से अधिक के जेवरों और नगदी पर किया हाथ साफ,

लालकुआं। निकटवर्ती क्षेत्र बिंदुखत्ता में चोरों ने दिनदहाड़े मर्चेंट नेवी में सेवारत सैनिक के घर के दरवाजों के ताले तोड़कर घर की अलमारी में रखें 16 लाख रुपए से भी अधिक का 12 तोला सोना एवं 30 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली, उक्त घटना से परिवार में हड़कंप मच गया है। गृह स्वामिनी द्वारा दी गई तहरीर के बाद पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ-साथ मौके की फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट से जांच करवाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां बिंदुखत्ता क्षेत्र के ग्राम चित्रकूट तिवारीनगर निवासी मर्चेंट नेवी में सेवारत सैनिक खड़क सिंह कोठारी के घर में दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली, घटना के समय सैनिक की पत्नी चन्द्रा कोठारी अपने दोनों बच्चों को लेकर स्कूटी द्वारा अपने सास ससुर के पास घोड़ानाला आई थी, जैसे ही वह वापस शाम को 4 बजे अपने घर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। उनके घर के तमाम दरवाजे के कुंड टूटे हुए थे, तथा अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ था, जैसे ही उसने अपने जेवरात देखे तो वह नहीं मिले, उक्त घटना की सूचना चंद्रा द्वारा तत्काल आस पड़ोस के साथ-साथ कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर घटना की फोरेंसिक जांच करवाई। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। पीड़िता चंद्रा कोठारी का कहना है कि दोपहर के समय जब वह अपने सास ससुर के घर गई थी इस दौरान अज्ञात चोर उनके घर से सोने के मंगलसूत्र, चैन, अंगूठी, कर्णफूल, मांग टीका, अंगूठी, पौची समेत 12 तोला सोने के जेवरात एवं 30 हजार नगदी चोरी करके चंपत हो गए। उक्त घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है,, तथा पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा का कहना है कि उक्त घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की चार टीमें जुटी हुई है, तथा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक किये जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

To Top