उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में चलती स्कूटी से महिला को गिराया, की छेड़छाड़…

हल्द्वानी। नगर क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित महिला और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला की मां वार्ड नंबर-19, रामपुर रोड क्षेत्र में रहती हैं। महिला और उसकी मां ने पूरी घटना की जानकारी उन्हें और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा को दी। उन्होंने बताया कि बीती 14 अप्रैल को महिला अपनी पांच वर्षीय पुत्री के साथ स्कूटी से पनचक्की-जमरानी रोड से गुजर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन युवकों ने चलती स्कूटी पर लात मारकर महिला को गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि युवकों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने कानूनी कार्रवाई की तो उसे और उसकी बेटी को जान से मार देंगे। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों युवक महिला से मारपीट, छेड़खानी और धमकी देते साफ दिखाई दे रहे हैं। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

To Top