उत्तराखण्ड

सुप्रीम कोर्ट में फिर टली बनभूलपुरा मामले की सुनवाई, 27 हजार लोगों की निगाहें अब इस तारीख़ पर,

हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत की सुनवाई सूची में मामला क्रम संख्या 118 पर दर्ज था, लेकिन कार्यवाही में देरी के चलते सुनवाई की नौबत नहीं आई। इससे फैसले की उम्मीद लगाए बैठे हजारों परिवारों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ा। अब सभी की निगाहें गुरुवार को होने वाली संभावित सुनवाई पर टिक गई हैं।
वर्ष 2023 से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन इस मामले को लेकर हल्द्वानी ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की नजरें अदालत की कार्यवाही पर लगी हुई हैं। बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद से करीब 3500 भवन और 5236 परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। अनुमान के मुताबिक लगभग 27 हजार लोगों का भविष्य इस मामले के फैसले से जुड़ा हुआ है। यही वजह है कि सुप्रीम कोर्ट में होने वाली हर सुनवाई को बेहद अहम माना जा रहा है।
बुधवार को सुनवाई की उम्मीद में प्रभावित परिवारों की निगाहें सुबह से ही अदालत की कार्यवाही पर लगी रहीं, लेकिन सूची में 118वें नंबर पर होने के बावजूद मामला सुनवाई के लिए नहीं आ सका। सुनवाई टलने से एक बार फिर लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। वहीं, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। अब गुरुवार को होने वाली कार्यवाही पर सभी की निगाहें रहेंगी।

To Top