उत्तराखण्ड

हनीट्रैप में फंसाकर लालकुआं के स्टोन क्रशर कारोबारी से 7 करोड़ की वसूली का आरोप, महिला समेत सात पर मुकदमा

हल्द्वानी। यहां हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक स्टोन क्रशर कारोबारी को कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर करीब सात करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यमों से वसूले, जबकि करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए। मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कथित ब्लैकमेलिंग का सिलसिला वर्ष 2015 में शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ कारोबारी के स्टोन क्रशर पर पहुंची और मुकदमे में फंसे होने तथा आर्थिक परेशानी का हवाला देकर मदद मांगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच परिचय बढ़ गया। कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने पूजा के बहाने उसे अपने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए। इन्हीं वीडियो को सार्वजनिक करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के दबाव में उसने वर्ष 2016 में ही 45 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक महिला से कोई संपर्क नहीं रहा, लेकिन आरोप है कि वर्ष 2022 में महिला ने दोबारा संपर्क साधा और फिर रुपयों तथा संपत्ति की मांग शुरू कर दी। इस कथित वसूली में मोहम्मद मुश्ताक समेत अन्य लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
कारोबारी ने शिकायत में दावा किया है कि आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से करीब पांच करोड़ रुपये वसूले। इसके अलावा हल्द्वानी में चार प्लॉट अपने, महिला की बेटी और एक साथी के नाम रजिस्ट्री करा लिए, जिनकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। एक कार और स्कूटी लेने का आरोप भी लगाया गया है। इतना ही नहीं, आरके टेंट हाउस रोड पर मकान खरीदने के नाम पर 30 लाख और हीरा नगर में मकान के लिए 60 लाख रुपये लेने की बात भी शिकायत में कही गई है।
मामले में बैंकिंग लेनदेन का तरीका भी चौंकाने वाला बताया गया है। आरोप है कि रजिस्ट्री के दौरान लेनदेन को वैध दिखाने के लिए पहले कारोबारी से नकदी ली जाती थी, फिर चेक के माध्यम से भुगतान दर्शाकर वही रकम आरटीजीएस के जरिए उसके खाते में वापस भेज दी जाती थी। इसके बाद दोबारा नकदी वसूल ली जाती थी। कारोबारी ने महिला पर प्रतिदिन 30 प्रतिशत ब्याज की मांग करने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत के अनुसार, पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित कारोबारी के छोटे भाई के घर पहुंची और फिर रुपयों की मांग करने लगी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया और रुपये नहीं देने पर जान से मरवाने तथा निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। इससे परेशान कारोबारी ने पुलिस की शरण लेकर अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात शिकायत मिलने के बाद सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब चारों प्लॉटों की रजिस्ट्री, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों, बैंक खातों के लेनदेन और नकदी से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

To Top