देहरादून। उत्तराखंड के गांवों से पलायन रोकने और पहाड़ में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए यदि प्रवासी उत्तराखंडी अपनी जन्मभूमि की ओर लौटकर पहल करें तो तस्वीर बदल सकती है। इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए लखनऊ में उद्योग स्थापित कर अपनी पहचान बनाने वाले एमसी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एमपी भट्ट और उनकी पत्नी पुष्पा भट्ट ने अपने पैतृक गांवों के विकास की जिम्मेदारी उठाकर एक सराहनीय मिसाल पेश की है। भट्ट दंपति टिहरी जनपद के दूरस्थ गांव भद्रासु और झन्नू में विकास की नई इबारत लिखने के साथ ही ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास कर रहे हैं।
लखनऊ में स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थों के उत्पादन और जैविक खेती के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके एमपी भट्ट और पुष्पा भट्ट का मानना है कि पहाड़ की असली तरक्की तभी संभव है, जब गांवों में ही रोजगार के साधन विकसित हों और स्थानीय युवाओं को अपने घर के आसपास काम करने का अवसर मिले। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने व्यावसायिक एवं औद्योगिक कार्यों का एक हिस्सा अपने पैतृक गांवों तक विस्तारित करने की पहल की है। इसके माध्यम से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में विकास की संभावनाएं तलाशने का काम भी किया जा रहा है।
भट्ट दंपति का प्रयास है कि महानगरों में रहकर उद्योग और व्यवसाय संचालित कर रहे अन्य प्रवासी उत्तराखंडी भी अपने पैतृक गांवों से जुड़ें और वहां उपलब्ध संसाधनों के आधार पर रोजगारपरक गतिविधियां शुरू करें। इसके लिए वे राज्य सरकार और जिला प्रशासन के साथ सामंजस्य स्थापित कर ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने में जुटे हैं। उनकी इस पहल से पहाड़ के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों से हो रहे पलायन पर अंकुश लगाने की उम्मीद जगी है।
पैतृक गांवों के विकास और प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने की दिशा में भट्ट दंपति के इन प्रयासों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दौरान उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त होने के बाद उनके प्रयासों की क्षेत्र में सराहना हो रही है। भट्ट दंपति की यह पहल संदेश दे रही है कि पहाड़ की मिट्टी से जुड़ाव केवल भावनाओं तक सीमित न रहकर विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी बन सकता है।



