उत्तराखण्ड

सीएम धामी ने बिन्दुखत्ता को लेकर की यह महत्वपूर्ण घोषणा:-

लालकुआं। बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने स्व. प्रहलाद दा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल और स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराने तथा बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और सामाजिक चेतना झलकती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ और ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे और प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक यानी जनता और थात यानी हमारी विरासत। लोकथात महोत्सव हमारी लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उत्तराखंड की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं में बसती है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास के साथ विरासत के संरक्षण के संकल्प पर काम कर रही है।
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेरनाला में करीब दस करोड़ की लागत से पुल तैयार किया गया है। विजयपुर गौला पार में पुल निर्माण शुरू हो गया है। बिंदुखत्ता में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है तथा बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। उन्होंने गौला और नंधौर नदी के कटाव से बचाव तथा जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, सहकारी बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, लालकुआं के अरुण जोशी, दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह पपोला, दिनेश खुल्बे, नवीन दुम्का, प्रहलाद महिंद्रा के परिवार से मनोहर सिंह मेहरा और कमल मेहरा सहित तमाम जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
फोटो परिचय:- बिंदुखत्ता में ग्रामीणों को संबोधित करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

To Top