लालकुआं। हल्दूचौड़ चौराहे पर सोमवार को सीएनजी गैस से भरे टैंकर में अचानक रिसाव शुरू होने से हड़कंप मच गया। व्यस्त चौराहे पर टैंकर से गैस निकलती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। वहीं, घटना के दौरान टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। गैस रिसाव से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए हाईवे पर यातायात रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, सीएनजी गैस लेकर जा रहा टैंकर हल्दूचौड़ चौराहे पर पहुंचा ही था कि अचानक उसमें से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए लोग टैंकर से दूरी बनाकर खड़े हो गए। इस बीच चालक के मौके से चले जाने से स्थिति और भी चिंताजनक हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस ने टैंकर के दोनों ओर हाईवे पर वाहनों को काफी दूरी पर रुकवा दिया, जिससे करीब आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बाद में गैस का रिसाव कम होने पर चौकी प्रभारी ने टैंकर का वाल्व बंद कराया। इसके पश्चात चालक जितेंद्र कुमार को मौके पर बुलाया गया और आवश्यक सतर्कता बरतते हुए टैंकर को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए लोगों की सांसें अटका दीं।
फोटो परिचय- हल्दूचौड़ चौराहे से सीएनजी वाहन से में गैस रिसाव होता हुआ



