लालकुआं। बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला और बारातियों के भोजन के बाद फेरों की तैयारी शुरू होते ही दूल्हा अचानक शादी से मुकर गया। इतना ही नहीं, वह मंडप से उठकर भागने लगा। दूल्हे की इस हरकत से विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बाराती भी मौके से खिसक लिए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक लड़की पक्ष के लोग कोतवाली में जुटे रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। दोनों के बीच करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार को धूमधाम से बारात बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। बारातियों का स्वागत हुआ और भोजन के बाद जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई। लेकिन जैसे ही फेरों की तैयारी शुरू हुई, दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया और मंडप से उठकर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोककर काफी समझाया, लेकिन वह विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जाता है कि उसने जबरन शादी कराने पर इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होने की बात भी कही।
दूल्हे के शादी से मुकरते ही बाराती भी विवाह स्थल से गायब हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर बिंदुखत्ता पुलिस चौकी पहुंचाया। चौकी प्रभारी गौरव जोशी ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद दूल्हे को लालकुआं कोतवाली लाया गया।
देर रात तक लड़की पक्ष के ग्रामीण कोतवाली में डटे रहे। उन्होंने दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने के कारण शादी से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज मांगने की शिकायत दी गई है। दोनों पक्षों में सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सहमति नहीं बनने पर तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



