उत्तराखण्ड

लालकुआं में जयमाला हुई, बारात ने खाया खाना… फेरों की बारी आई तो शादी से भागा दूल्हा, लड़की पक्ष का चौकी में हंगामा… देखें वीडियो,

लालकुआं। बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद फेरों की तैयारी के बीच दूल्हा अचानक शादी करने से मुकर गया। इतना ही नहीं, वह मंडप से उठकर भागने लगा। यह देख विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बाराती भी मौके से खिसक लिए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक मामला लालकुआं कोतवाली में चर्चा और विवाद का विषय बना रहा।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। लड़की पक्ष के ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, लेकिन परिवार ने उसकी बात को मजाक समझकर गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार को धूमधाम से बारात बिंदुखत्ता के ग्राम तिवारीनगर नर्सरी गांव में पहुंची। बारातियों का स्वागत हुआ और भोजन के बाद जयमाला की रस्म भी सकुशल संपन्न हो गई। लेकिन जैसे ही विवाह की अगली रस्म यानी फेरों की तैयारी शुरू हुई, दूल्हा अचानक शादी से इनकार करते हुए उठ खड़ा हुआ। उसने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए उससे विवाह करने से मना कर दिया और वहां से भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जाता है कि उसने लड़की पक्ष से यहां तक कह दिया कि यदि जबरदस्ती विवाह कराया गया तो इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी।
इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बाराती भी विवाह स्थल से गायब हो गए। इसके बाद ग्रामीण दूल्हे को पकड़कर बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले पहुंचे। वहां काफी देर तक पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए।
देर रात तक लड़की पक्ष के ग्रामीण कोतवाली में जुटे रहे और दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। लड़की पक्ष ने युवक पर दहेज में कार की मांग पूरी न होने के चलते शादी से मुकरने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज मांगने के संबंध में तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो परिचय- लालकुआं कोतवाली में एकत्रित लड़की पक्ष के लोग कार्रवाई की मांग करते हुए तथा जयमाला के दौरान दूल्हा दुल्हन

To Top