लालकुआं। नगर में एटीएम से रुपये निकालने पहुंची एक युवती को मदद का झांसा देकर दो शातिर बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये उड़ा दिए। स्वरोजगार शुरू करने के लिए गोल्ड लोन लेने वाली युवती के साथ हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के तिवारी नगर वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंची थी। बताया जाता है कि एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते काफी प्रयासों के बावजूद उसके रुपये नहीं निकल पाए। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसकी मदद करने की पेशकश की। युवती उसके झांसे में आ गई और मदद के लिए अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया। आरोप है कि युवक ने बड़ी चालाकी से युवती का कार्ड बदल दिया और कुछ देर तक मदद करने का नाटक करता रहा। इसके बाद वह अपने दूसरे साथी के साथ वहां से फरार हो गया।
कुछ ही देर बाद युवती के मोबाइल पर खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसने भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को इसकी जानकारी दी और बाद में लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
पीड़िता मेंहजबीं ने बताया कि उसने स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसी रकम में से कुछ पैसे निकालने वह एटीएम पहुंची थी, लेकिन वहां पहले से मौजूद दो शातिर युवकों ने उसे अपने जाल में फंसाकर जीवनभर की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फोटो परिचय- सीसीटीवी फुटेज में युवती के साथ खड़ा टोपी पहने शातिर बदमाश



