देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार सहित पूरे पंचूर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस मां की ममता और आशीर्वाद ने योगी आदित्यनाथ को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, आज उनके निधन से परिवार ने अपनी सबसे अनमोल धरोहर खो दी है।
जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गांव स्थित अपने आवास पर उनका निधन हो गया। वह अपने छोटे बेटे के साथ पंचूर गांव में ही रहती थीं। उनके निधन की पुष्टि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई ने की है। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उत्तराखंड पहुंचेंगे।
सावित्री देवी की उम्र 91 वर्ष थी और अधिक उम्र के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अपनी मां का हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे। मां के प्रति उनका लगाव और सम्मान हमेशा चर्चा में रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में निवास करता है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। पिता के निधन के करीब छह वर्ष बाद अब मां के भी दुनिया से विदा होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंचूर गांव में हर आंख नम है और हर कोई सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त कर रहा है।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि पूज्य माताजी सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।



