लालकुआं। गलत संगत का विरोध करना एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने मामूली बात को लेकर बुजुर्ग की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में घायल बुजुर्ग ने स्थानीय कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात वह भोजन करने के बाद घर के बाहर हाथ धो रहे थे। इसी दौरान अचानक वहां पहुंचे तीन युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि तीनों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उन्हें बुरी तरह पीटा। पीड़ित का कहना है कि तीनों युवक उनके पड़ोस में ही रहते हैं और गलत संगत में पड़ गए हैं। उनकी गतिविधियों का विरोध करने के चलते युवक उनसे रंजिश रखने लगे थे और इसी बात को लेकर उन्होंने उनके साथ मारपीट की।
बुजुर्ग के साथ हुई इस घटना से क्षेत्र में नाराजगी है। इधर, पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



