उत्तराखण्ड

मोटाहल्दू में श्रद्धेय स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जन्म जयंती पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन



लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के
मोटाहल्दू स्थित कार्यालय में चकराता के पूर्व विधायक एवं उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह जी का जीवन जनसेवा, संघर्ष, सादगी और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने चकराता क्षेत्र सहित उत्तराखंड के विकास में अनेक अभूतपूर्व एवं उल्लेखनीय कार्य किए और हमेशा आम जनता की आवाज को प्राथमिकता दी।
संदीप पांडे ने कहा कि गुलाब सिंह जी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, सिद्धांतों और जनसेवा की जो मिसाल कायम की, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए हुए मार्ग पर चलना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि गुलाब सिंह जी की राजनीतिक एवं सामाजिक विरासत आज भी जीवंत है। उनके विचार और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। ऐसे महान जननायकों का स्मरण समाज को अपने मूल्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करता है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय गुलाब सिंह जी के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा समाज और क्षेत्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संदीप पांडे, भास्कर जोशी, संजय सुनाल, योगेश आर्य, प्रतीक जोशी, मनोज भट्ट, राजेंद्र जोशी, भावेश बिरखानी, योगेश कपिल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

To Top