उत्तराखण्ड

मोतीनगर में रॉन्ग साइड से आई टैक्सी ने मचाई तबाही, दूसरी कार दुकान में घुसी; एयरबैग खुलने से बची कई लोगों की जान… देखें वीडियो,

लालकुआं। हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रही एक कार शनिवार देर रात विपरीत दिशा से आ रही टैक्सी कार से जोरदार भिड़ंत के बाद हाईवे किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11:30 बजे हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रही एक कार जैसे ही हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से रॉन्ग साइड में तेज गति से आ रही टैक्सी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए। कार में सवार कई लोग घायल होकर अंदर ही फंस गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया। इधर, हादसे के बाद रॉन्ग साइड से आ रही टैक्सी का चालक अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने बीच सड़क पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार को किसी तरह किनारे किया।

To Top