उत्तराखण्ड

सड़क दुर्घटना में लालकुआं के वरिष्ठ पत्रकार पत्नी समेत हुए घायल,

लालकुआं। सड़क दुर्घटना में शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाने के पश्चात उनका उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल हुए वरिष्ठ पत्रकार अजय उप्रेती के स्वास्थ्य में अब लगातार सुधार हो रहा है। हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार के बाद वह अपने गोपीपुरम, हल्दूचौड़ स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर से पत्रकार जगत और परिचितों ने राहत की सांस ली है। वहीं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर आवास पर शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 12 अक्टूबर को अजय उप्रेती अपनी धर्मपत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने पैतृक गांव चंपावत से लौट रहे थे। इसी दौरान चल्थी क्षेत्र के स्वाला के समीप पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर भरभराकर सड़क पर गिरा और उनकी बाइक इसकी चपेट में आ गई। हादसे में अजय उप्रेती गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चल्थी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से टनकपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अजय उप्रेती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, जिसके चलते उन्हें घर भेज दिया गया।
वर्तमान में अजय उप्रेती हल्दूचौड़ स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों द्वारा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। सभी ने उनके जल्द स्वस्थ होकर पुनः सामान्य जीवन में लौटने की कामना की है।

To Top