लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के बमेटाबंगर खीमा स्थित हनुमान मंदिर रोड पर बने एक कॉम्प्लेक्स में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत होने से सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया हैं।
जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जनपद के गौना निवासी जीवन कुमार, जो इंडियन ऑयल की गाड़ी में क्लीनर के रूप में कार्यरत हैं, पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) और दो छोटे बच्चों के साथ हल्दूचौड़ स्थित इस कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर किराए पर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध परिस्थितियों में मुन्नी देवी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल निजी वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर था। महिला की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव अल्मोड़ा भेज दिया गया है।





