हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में चलती स्कूटी में मनचलो ने महिला से छेड़छाड़ की तो साथ बैठे पति ने इसका विरोध किया, जिसके बाद उक्त युवकों ने पति की ही पिटाई लगा दी। यहां दमुवादूंगा में आंबेडकर पार्क के पास चलती स्कूटी पर एक महिला से चार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। पति ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी मारपीट की। काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित कुमाऊं कालोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि शाम को वह अपने पति के साथ आंबेडकर पार्क की ओर स्कूटी से जा रही थी। इस दौरान चार युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ व पति के साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि मनचलों ने उनके कपड़े फाड़े और सड़क पर भी घसीटा। जब उनका भाई और ननद आए तो उनके साथ भी मारपीट करने का आरोप है। महिला ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर आरोपितों’ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।





