उत्तराखण्ड

लालकुआं में स्कूल गईं तीन छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; परिजनों की अटकी सांसें

लालकुआं। नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा 10 की तीन छात्राओं के अचानक लापता होने से लालकुआं में सनसनी फैल गई है। तीनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद वापस नहीं लौटीं। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन बुरी तरह परेशान हैं। वहीं, तीन किशोरियों के एक साथ लापता होने की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर एक निवासी संघरतन बौद्ध ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री वर्षा अपनी दो सहेलियों रूबी और पलक के साथ गत दिवस राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लालकुआं के लिए घर से निकली थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वर्षा घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने उसकी दोनों सहेलियों के घरों पर संपर्क किया, लेकिन पता चला कि वे भी अपने-अपने घर नहीं पहुंची हैं।
इसके बाद परिजनों और परिचितों ने आसपास के क्षेत्रों में तीनों छात्राओं की काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार निराश होकर परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
तीनों नाबालिग छात्राओं के एक साथ अचानक लापता होने से परिवारों में भय और चिंता का माहौल है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद परेशान हैं और उनकी नजरें पुलिस की तलाश पर टिकी हुई हैं। इधर, कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर उनकी खोजबीन में जुटी हुई है।

To Top