उत्तराखण्ड

वन विभाग की बैरिकेडिंग तोड़ भागा ट्रक, पीछा कर पकड़ा तो मिला यह अवैध माल,

लालकुआं। वन विभाग की चेकिंग से बचकर भाग रहे एक ट्रक को वन विभाग की टीम ने पीछा कर पिपलिया बैरियर पर पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें आम, नीम, सुबबूल और पाकड़ समेत विभिन्न प्रजातियों का 29.61 घन मीटर सोख्ता एवं जलौनी प्रकाष्ठ लदा मिला। लकड़ी के परिवहन से संबंधित वन विभाग का अभिवहन पास नहीं मिलने पर टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
डॉली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के अनुसार गत रात्रि उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर आ रहे ट्रक संख्या UP 25 FT 2605 को पुलभट्टा बैरियर पर जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी। चालक की इस हरकत से संदेह होने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलभट्टा तिराहे से चालक ट्रक को सितारगंज की ओर मोड़कर भागने लगा। टीम ने बिना देर किए पिपलिया बैरियर के कर्मचारियों को फोन पर सूचना दी और ट्रक का पीछा जारी रखा।
सूचना मिलते ही पिपलिया बैरियर की टीम ने बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोक लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें आम, नीम, सुबबूल, पाकड़ आदि प्रजातियों की मिश्रित सोख्ता एवं जलौनी लकड़ी लदी मिली। मौके पर नापजोख करने पर कुल 29.61 घन मीटर प्रकाष्ठ बरामद हुआ।
जांच के दौरान लकड़ी के परिवहन से संबंधित वन विभाग का अभिवहन पास नहीं मिला। इसके बाद वन विभाग ने ट्रक को जब्त कर लालकुआं स्थित रेंज कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया। मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 (यथासंशोधित 2001) की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फोटो परिचय- वन विभाग द्वारा पकड़ा गया लकड़ी से लदा ट्रक

To Top