हल्द्वानी। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के कथित उत्पीड़न और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति और ससुरालियों ने विवाहिता को न केवल दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। ताजा घटना में विवाहिता के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में उसे परिजनों ने बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, हिमानी बिष्ट का विवाह 3 दिसंबर 2024 को हल्द्वानी निवासी गजेंद्र सिंह सतवाल के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव आ गया और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। विवाहिता ने पति गजेंद्र सिंह, ससुर, सास, और ननद व एक अन्य महिला पर मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे कई बार घर से भी निकाल दिया गया।
तहरीर में पड़ोस में हुई एक शादी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया है कि वहां दहेज में 10 लाख रुपये कीमत की कार मिलने के बाद ससुरालियों ने उसे और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया। 21 जनवरी 2026 को भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई।
विवाद ने 23 नवंबर 2026 की सुबह उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब करीब 9:30 बजे पति, ससुर और अन्य लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पति गजेंद्र सिंह सतवाल ने 11 माह के बेटे जय सतवाल के साथ मौजूद हिमानी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान किसी नुकीली वस्तु से उस पर हमला किया गया, जिससे उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गई।
अपनी जान को खतरा महसूस होने पर विवाहिता किसी तरह घर से बाहर निकली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी और न्याय की गुहार लगाई।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि विवाहिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



