हल्द्वानी। सफलता के रास्ते में मुश्किलें आएं तो हौसला हारने के बजाय अपनी मंजिल खुद तलाशनी चाहिए। इस बात को हल्द्वानी की दीपिका सनवाल ने सच साबित कर दिखाया है। कभी बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी पाने का सपना देखने वाली दीपिका ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर हार मानने के बजाय स्वरोजगार की राह चुनी। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का सहारा लेकर उन्होंने अपना मेकअप स्टूडियो स्थापित किया और आज वह न केवल आत्मनिर्भर उद्यमी बन चुकी हैं, बल्कि पांच अन्य लोगों को रोजगार देकर दूसरों के सपनों को भी नई उड़ान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं किस तरह युवाओं और महिलाओं की तकदीर बदल रही हैं, दीपिका की सफलता इसकी एक प्रेरक मिसाल है। वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत दीपिका ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से सात लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक ने 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान उन्होंने स्वयं लगाया। योजना के अंतर्गत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली।
दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर मेकअप और ब्यूटी के क्षेत्र में अपनी दक्षता बढ़ाई तथा हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की। शुरुआती दौर में खुद के लिए रोजगार का अवसर तैयार करने से शुरू हुआ उनका यह सफर धीरे-धीरे एक सफल व्यवसाय में बदल गया। मेहनत, लगन और बेहतर सेवाओं के दम पर उन्होंने अपने स्टूडियो को नई पहचान दिलाई।
आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, फेशियल सहित विभिन्न ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि दीपिका ने अपने कारोबार को केवल स्वयं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। उनके इस उद्यम से अब तक पांच लोगों को रोजगार मिल चुका है। वर्तमान में उनके स्टूडियो का वार्षिक कारोबार करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
दीपिका की यह उपलब्धि उन युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सरकारी या निजी नौकरी की तलाश में अपने सपनों को सीमित कर लेते हैं। उन्होंने साबित किया है कि अवसरों की तलाश करने के बजाय अपने हुनर और मेहनत से नए अवसर पैदा भी किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के सहयोग से एक नौकरी की तलाश करने वाली युवती का सफल उद्यमी बनना और दूसरों को रोजगार देना प्रदेश में महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया है।



