उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, नैनीताल-अल्मोड़ा को मिले नए DM

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच IAS और पांच PCS अधिकारियों समेत कुल 10 अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव कर दिया। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा जिले के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया है। शासन के इस फैसले के बाद नैनीताल की प्रशासनिक कमान अब IAS अधिकारी अंशुल सिंह के हाथों में होगी, जबकि वर्तमान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
27 नवंबर को कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री, उत्तराखंड शासन की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में अल्मोड़ा में निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के पद पर तैनात IAS अधिकारी दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इस फेरबदल के साथ ही कुमाऊं मंडल के दोनों महत्वपूर्ण जिलों नैनीताल और अल्मोड़ा को नए जिलाधिकारी मिल गए हैं।
शासन ने दोनों जिलों के डिप्टी कलेक्टरों की तैनाती में भी बदलाव किया है। अल्मोड़ा में डिप्टी कलेक्टर के साथ नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहीं PCS अधिकारी सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल का डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, नैनीताल में तैनात PCS अधिकारी सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा बनाया गया है।
इसके अलावा जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार IAS अधिकारी विनीत तोमर को सौंपा गया है। विनीत तोमर वर्तमान में कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कुमाऊं मंडल की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

To Top