उत्तराखण्ड

एसटीएच में डीएम का छापा, फटे बेड और गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी; अस्पताल प्रशासन की लगाई फटकार,

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज (एसटीएच) में अव्यवस्थाओं की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बदहाल व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। कहीं मरीजों के बेड फटे मिले तो कहीं गंदगी और रैन बसेरे की खराब व्यवस्था ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। इन खामियों को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से सीधे बातचीत की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। सर्जरी वार्ड में निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए बेड पूरी तरह फटे हुए मिले। मरीजों की इस बदहाल स्थिति को देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को तत्काल बेड दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
वहीं, मरीजों को अस्पताल से दवाइयां उपलब्ध कराने के बजाय बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का मरीजों को पूरा लाभ मिलना चाहिए। किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की बदहाल व्यवस्था और अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी मिलने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, रैन बसेरे को दुरुस्त करने और अस्पताल की अन्य कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को दो टूक कहा कि इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पताल में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे।

To Top